Hindi newsNationalPolitics

बंगाल की राजनीति में भारी बवाल! सीएम शुभेंदु और बीजेपी नेताओं को धमकी देने वाले हुमांयू कबीर पर FIR; बाबरी मस्जिद से भी जुड़ा है नाता

पश्चिम बंगाल के नाओदा और रेजीनगर से विधायक तथा जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के खिलाफ विवादित बयान और कथित धमकी देने के आरोप में पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई बीजेपी युवा ब्रिगेड की लिखित शिकायत के बाद की गई। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि विधायक ने सार्वजनिक मंच से पार्टी नेताओं को जान से मारने जैसी धमकी दी, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

सार्वजनिक सभा के बयान से मचा बवाल

विवाद की शुरुआत रेजीनगर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम से हुई, जहां हुमायूं कबीर ने स्थानीय बीजेपी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उनका भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वे चुनाव हारने के बावजूद बीजेपी नेताओं के रवैये पर सवाल उठाते नजर आए।

अपने संबोधन में उन्होंने चुनाव में अपनी प्रतिद्वंद्वी रहीं बीजेपी नेता अनामिका घोष का नाम लेते हुए कहा कि हार के बाद भी वह खुद को विधायक की तरह पेश कर रही हैं और बीजेपी कार्यकर्ता आक्रामक व्यवहार कर रहे हैं।

शुभेंदु अधिकारी पर भी साधा निशाना

भाषण के दौरान हुमायूं कबीर ने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले भी शुभेंदु अधिकारी से मुर्शिदाबाद में पार्टी नेताओं की बयानबाजी सीमित रखने को कहा था। साथ ही चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि उन्होंने मुसलमानों को संगठित कर मैदान में उतारा, तो ऐसा जवाब मिलेगा कि बीजेपी का झंडा उठाने वाला भी कोई नहीं बचेगा। इसी बयान को लेकर बीजेपी ने गंभीर आपत्ति जताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

FIR पर क्या बोले हुमायूं कबीर?

FIR दर्ज होने के बाद हुमायूं कबीर ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि यदि बीजेपी उनके खिलाफ लगातार अपमानजनक बातें कहती है, तो क्या उनसे चुप रहने की उम्मीद की जानी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि उनका बयान राजनीतिक हमलों के जवाब में था।

पहले भी रहे हैं सुर्खियों में

हुमायूं कबीर इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। पिछले वर्ष 6 दिसंबर को उन्होंने मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद निर्माण का ऐलान करते हुए प्रतीकात्मक रूप से नींव रखी थी। विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अल्पसंख्यकों के प्रतिनिधित्व और बाबरी मस्जिद का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों पर जीत दर्ज की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button