ChhattisgarhHindi news

नौगई ट्रिपल मर्डर केस में न्याय की मांग! करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस; 19 जुलाई को आक्रोश के साथ श्रद्धांजलि सभा का ऐलान

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड को लेकर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत सोमवार को बैकुंठपुर पहुंचे। मृतक भरत सिंह की तेरहवीं पर उन्होंने निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर सहित संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे।

गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग

डॉ. राज शेखावत ने कहा कि नौगई तिहरे हत्याकांड में पीड़ित परिवार स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने प्रदेश के गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि प्रदेश की कानून-व्यवस्था संभाली नहीं जा रही है, तो उन्हें अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए उनका एनकाउंटर किए जाने की भी मांग रखी। साथ ही कहा कि करणी सेना पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

19 जुलाई को श्रद्धांजलि सभा का ऐलान

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मामले की CBI जांच अथवा उच्च स्तरीय SIT जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को नौगई में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होकर मृतकों को श्रद्धांजलि देंगे और न्याय की मांग को बुलंद करेंगे।

शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग

उन्होंने कहा कि मामले में अब तक पुलिस 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन केवल गिरफ्तारियां पर्याप्त नहीं हैं। जिन 25 से 26 लोगों के नाम इस मामले में सामने आए हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि न्याय में देरी से जनआक्रोश बढ़ेगा और करणी सेना पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

डॉ. राज शेखावत ने बताया कि 16 जून की रात फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगाए जाने की घटना में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं व्यवसायी भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे। मयंक सिंह का इलाज बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में, जबकि योगेंद्र सिंह का इलाज रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में जारी है।

करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं, मृतक के परिजन राजेंद्र सिंह दद्दा ने कहा कि परिवार को केवल न्याय चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गवाह सामने नहीं आने से समाज में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि यदि 19 जुलाई तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती है तो समाज जो भी निर्णय लेगा, उनका परिवार उसका समर्थन करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button