चुनाव आयोग की ‘SIR’ प्रक्रिया पर विपक्ष का महा-आक्रोश! 23 दलों ने CJI को चिट्ठी लिख मांगी दखल; गठबंधन से अलग हुए AAP और DMK भी आए साथ

इंडिया गठबंधन के 23 दलों ने SIR और वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर CJI को एक साझा पत्र भेजा है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 8 जून 2026 को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई थी. उस बैठक में 21 पार्टियों और 1 निर्दलीय सदस्य ने हिस्सा लिया था. हालांकि, इस पत्र में क्या लिखा है, इसकी जानकारी साझा नहीं की गई है.
23 पार्टियां SURE के सिद्धांत पर कायम
आठ जून की बैठक में यह फैसला लिया गया था कि चीफ जस्टिस को सब मिलकर पत्र लिखा जाएगा. अब मंगलवार को 23 पार्टियों और 1 निर्दलीय के हस्ताक्षर वाला यह पत्र भेज दिया गया है. जयराम रमेश ने कहा कि विपक्षी दल SURE (Solidarity, Unity and Resilience) यानी एकजुटता, एकता और दृढ़ता के सिद्धांत पर मजबूती से खड़े हैं.
लेटर में DMK और AAP के भी सिग्नेचर
सबसे बड़ी बात टीएमसी सासंद डेरेक ओ ब्रायन ने दावा किया है कि इस पत्र में डीएमके और आम आदमी पार्टी के भी सिग्नेचर हैं. बता दें कि यह मामला विपक्षी दलों की 8 जून को हुई बैठक के कुछ दिन बाद सामने आया है. उस बैठक में सभी दलों ने पांच मुद्दों पर एकमत होकर सहमति बनाई थी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि इंडिया गठबंधन की बैठक पूरी हो गई. इसमें 25 दलों ने हिस्सा लिया.
इस दौरान सभी ने अपने विचार रखे और आखिर में हम पांच बिंदुओं पर पूरी तरह सहमत हो गए. हमने फैसला किया है कि इन मुद्दों पर हम लड़ेंगे, काम करेंगे और आगे बढ़ेंगे. उन्होंने आगे कहा कि पहला, ईवीएम, वोट चोरी और चुनाव में धांधली के मामले में हम भारत के प्रधान न्यायाधीश को पत्र लिखने पर सहमत हुए हैं. यह पत्र जल्द ही उन्हें सौंप दिया जाएगा. दूसरा, हमने शिक्षा मंत्री के तुरंत इस्तीफे की मांग करने पर भी एकमत होकर फैसला किया है क्योंकि उन्होंने NEET और CBSE परीक्षाओं में बैठे लाखों छात्रों के साथ विश्वासघात किया है.



