TET पेपर लीक कांड का पटना कनेक्शन! मास्टरमाइंड की पत्नी सुमन गुप्ता को पुलिस ने दबोचा, परीक्षा माफिया की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले में बिहार एसटीएफ और ठाणे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को सोमवार की देर रात पटना के अगमकुआं स्थित किराए के फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया. सुमन को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर ठाणे पुलिस मंगलवार को महाराष्ट्र पहुंच गई, जहां कोर्ट ने उसे 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
देशव्यापी परीक्षा माफिया और महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) प्रश्नपत्र लीक मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है. महाराष्ट्र टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले में महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने बिहार एसटीएफ की मदद से बड़ी कार्रवाई की है.
महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 प्रश्नपत्र लीक का मास्टरमाइन्ड बिजेंद्र गुप्ता को लेकर पुलिस को खबर थी की अपनी छोटी बेटी के जन्मदिन के मौके पर पटना स्थित घर जरूर आएगा. गुप्त सूचना के आधार पर महाराष्ट्र की भिवंडी पुलिस और बिहार एसटीएफ द्वारा सोमवार देर रात अगमकुआं के गांधी नगर स्थित उसके फ्लैट की घेराबंदी किया गया. हालांकि पुलिस को चकमा देने में बिजेंद्र गुप्ता कामयाब रहा.
पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन गुप्ता को सोमवार की देर रात पटना के अगमकुआं (गांधी नगर) स्थित किराए के फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए.
जांच एजेंसियों के अनुसार सुमन कुमारी को अपने पति की कथित प्रश्नपत्र लीक योजना की पूरी जानकारी थी. आरोप है कि वह अवैध कमाई का हिसाब रखती थी और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पैसों की व्यवस्था भी करती थी.

महाराष्ट्र पुलिस ने 27 जून 2026 को इस मामले में पटना निवासी राजीव शाह, आकाश और हरियाणा निवासी धीरज को ठाणे के भिवंडी स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान हि तीनों ने बिजेंद्र गुप्ता को पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड बताया था.
जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि बिजेंद्र ने इस बार महाराष्ट्र टीईटी का प्रश्नपत्र सीधे आगरा के प्रिंटिंग प्रेस से उड़वाया था. प्रश्नपत्र के चारों सेट उसे यूपी के सोनू और अनूप ने सौंपे थे, जो उसी प्रिंटिंग प्रेस के स्टाफ बताए जाते हैं. अब पुलिस बिजेंद्र और उसके खास सहयोगी सोनीपत के कपिल दहिया की तलाश में है.
सुमन कुमारी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड जांच करने पर पता चला कि पेपर लीक की घटना के वक्त वह लगातार अपने पति बिजेंद्र के संपर्क में थी. जिससे यह साबित होता है कि उसे इस पूरे फर्जीवाड़े की पूरी जानकारी थी.



