अब आर-पार की लड़ाई में छत्तीसगढ़ के कोटवार! नियमितीकरण और सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर सीएम साय के नाम सौंपा ज्ञापन; रखीं ये 5 बड़ी मांगें

कोटवारों ने अपनी वर्षों पुरानी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर दी है। कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ की महासमुंद तहसील इकाई ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपते हुए नियमितीकरण, वेतन वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा और बेगार प्रथा पर रोक समेत पांच प्रमुख मांगें रखी हैं।
कोटवार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम से एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि कोटवार वर्षों से शासन-प्रशासन और ग्रामीण व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा, सम्मानजनक वेतन, पेंशन और ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं नहीं मिली हैं।
ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कोटवारों के नियमितीकरण और राजस्व विभाग में संविलियन की मांग की गई है। साथ ही सेवा भूमि के आधार पर 8 हजार से 15 हजार रुपये तक मासिक वेतन तय करने, नियुक्तियों में भ्रष्टाचार रोकने, सेवानिवृत्त कोटवारों के पात्र परिजनों को प्राथमिकता देने, बेगार बंद करने और नगर पालिका क्षेत्रों में नियुक्ति पर लगी रोक हटाने की मांग भी की गई है।



