E20 फ्यूल को लेकर एक्शन मोड में मोदी सरकार! गड़बड़ी करने वालों पर गिरेगी बड़ी गाज; केंद्र ने जारी किया सख्त कार्रवाई का नया आदेश

Modi government On E20 Fuel Controversy: इस समय देशभर में E20 पेट्रोल (E20 Petrol) को लेकर खूब चर्चा हो रही है। कार मालिकों की शिकायत है कि E20 Petrol के इस्तेमाल से उनकी गाड़ियों का माइलेज कम हो रहा है और इंजन में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं ई20 पेट्रोल को लेकर अरविंद केजरीवाल तो ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग StopE20petrol.com पर जाकर हस्ताक्षर करके सरकार से अपील और शिकायत कर सकते हैं। E20 पेट्रोल पर मचे हंगामे के बीच मोदी सरकार (Modi government) सख्त हो गई है।
मोदी सरकार ने कहा कि अगर कहीं गाड़ियों में समस्या आ रही है तो इसकी वजह E20 पेट्रोल नहीं, बल्कि फ्यूल में मिलावट या सप्लाई सिस्टम की गड़बड़ी हो सकती है। इसपर केंद्र ने सभी राज्यों को पेट्रोल में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने राज्यों के साफ निर्देश दिए हैं कि फ्यूल की क्वालिटी के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र की मोदी सरकार ने कहा है कि अगर पेट्रोल की सप्लाई, स्टोरेज या वितरण के दौरान लापरवाही या मिलावट की कोई घटना सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सरकार की नीति ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की है। हालांकि मंत्रालय ने यह नहीं बताया है कि अब तक किस राज्य में कितने मामले सामने आए हैं या कितने लोगों पर कार्रवाई हुई है?

सरकार ने बयान जारी किया
सरकार ने कहा कि लोगों को E20 पेट्रोल और मिलावटी पेट्रोल के बीच का अंतर समझना चाहिए। तय मानकों के मुताबिक तैयार किया गया E20 पेट्रोल पूरी तरह सेफ है। इससे गाड़ी को कोई नुकसान नहीं होना चाहिए। अगर किसी गाड़ी में खराबी आती है तो उसके पीछे पेट्रोल की खराब क्वालिटी, पेट्रोल पंप पर सही रखरखाव की कमी, सप्लाई चेन में गड़बड़ी या फ्यूल में मिलावट जैसी वजहें हो सकती हैं।
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे शिकायतें
बता दें कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग E20 पेट्रोल को लेकर शिकायतें कर रहे हैं। कई कार और बाइक मालिकों का दावा है कि इस फ्यूल के इस्तेमाल के बाद उनकी गाड़ियों का माइलेज पहले से कम हो गया है। कुछ लोगों ने इंजन की परफॉर्मेंस घटने, फ्यूल टैंक और पाइप्स पर असर पड़ने का भी दावा कर रेह हैं। कुछ मामलों में यह भी सामने आया कि E20 पेट्रोल भरवाने के बाद गाड़ियां बीच रास्ते में बंद हो गईं या ब्रेकडाउन का सामना करना पड़ा। इन दावों के चलते E20 पेट्रोल को लेकर लोगों के बीच भ्रम और चिंता दोनों बढ़ी है। ऐसे में अब सरकार ने बयान जारी किया है।

अरविंद केजरीवाल ने शुरू किया ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान
E20 पेट्रोल को लेकर देश में राजनीति भी जमकर हो रही है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज “स्टॉप E20 पेट्रोल” अभियान शुरू किया है। उन्होंने लोगों से StopE20petrol.com पर जाकर हस्ताक्षर करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को विकल्प दे और उनकी चिंताओं का सम्मान करे। केजरीवाल ने कहा कि सरकार बिना पूरी तैयारी के E20 पेट्रोल देश पर थोप रही है, जबकि लाखों वाहन मालिक माइलेज घटने, इंजन में खराबी और बढ़ते खर्च की शिकायत कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार लोगों की चिंताओं को सुनने के बजाय सब कुछ सामान्य बताने में लगी है।


