नीट यूजी 2026 का परिणाम घोषित! 11.21 लाख छात्रों ने मारी बाजी, पंजाब और हरियाणा के सूरमाओं ने किया देश में टॉप; यहाँ देखें स्कोरकार्ड

Neet Result 2026: पेपर लीक और कई तरह के विवादों के बाद आखिरकार नीट यूजी-2026 का रिजल्ट (NEET UG Result) जारी हो गया है। गुरुवार देर रात नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। 11.21 लाख उम्मीदवार क्वालिफाई हुए हैं। पंजाब-हरियाणा के दो छात्रों ने टॉप किया है। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल 720 में से 715 अंकों के साथ ऑल इंडिया टॉपर बने। 19 स्टूडेंट्स ने 700 से ज्यादा, जबकि 138 उम्मीदवारों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए। वहीं 2020 और 2021 के बाद पहली बार कोई भी छात्र 720 का परफेक्ट स्कोर हासिल नहीं कर पाया। स्टूडेंट्स अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर देख सकते हैं।
बता दें कि पेपर लीक के कारण 3 मई को हुई NEET-UG 2026 की परीक्षा रद्द हो गई थी। इसके बाद NTA ने 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई। री-नीट परीक्षा में देश और विदेश के करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। यह परीक्षा 13 भाषाओं में हुई थी।
परीक्षा करवाने वाली एजेंसी एनटीए (NTA) के अनुसार, क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं की सफलता दर भी पुरुषों से बेहतर रही। परीक्षा में शामिल हुई 56.8 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं। जबकि छात्रों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत रहा। इस बार 138 उम्मीदवारों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल किए हैं। इनमें से 93 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि 99 प्रतिशत टॉपर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है। देशभर में 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए। सबसे अधिक 715 अंक पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से हासिल किए।
705+ अंक वाले टॉप-17 छात्र 8 राज्यों से
705+ अंक वाले टॉप-17 छात्र पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे 8 राज्यों से हैं। पूर्वोत्तर के सभी राज्यों से स्टेट टॉपर हैं। लक्षद्वीप से 43 छात्र क्वालिफाई हुए।

श्रेणीवार सफल उम्मीदवार
सामान्य वर्ग: 2.91 लाख
OBC-NCL: 5.12 लाख
SC: 1.59 लाख
ST: 63,716
EWS: 95,026
PwBD: 3,666
उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवार सफल
NTA के मुताबिक सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवार क्वालिफाई हुए हैं। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवार सफल हुए। जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की। राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो (530 अंक), अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं। कुल 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक, जबकि 26 राज्यों के टॉपर्स ने 690 से अधिक अंक हासिल किए।
NEET UG 2026: परीक्षा से रिजल्ट तक पूरी टाइमलाइन
- 3 मई 2026: NEET UG 2026 की पहली परीक्षा आयोजित
- 12 मई, 2026: पेपर लीक के आरोपों के बाद: 3 मई की परीक्षा रद्द की गई
- 21 जून 2026: देशभर में NEET UG की दोबारा परीक्षा हुई
- 25 जून 2026: प्रोविजनल आंसर-की जारी, ऑब्जेक्शन विंडो खुली
- 25–28 जून 2026: उम्मीदवारों से आंसर-की पर आपत्तियां मांगी गईं
- 13–15 जुलाई 2026: स्कैन की गई OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स जारी
- 16 जुलाई 2026: फाइनल आंसर-की जारी, NEET UG 2026 का रिजल्ट घोषित



