विधायक निधि पर डाका! 4 गुना ज्यादा कीमत पर स्कूलों में कंप्यूटर सप्लाई, पूर्व विधायक के खुलासे के बाद जांच कमेटी गठित

वर्ष 2024-25 और वर्ष 2025-26 में 40 सरकारी स्कूलों के लिए बाजार से चार गुना ज्यादा कीमत पर खरीदा गया कंप्यूटर सेट, पूर्व कांग्रेस विधायक की शिकायत पर कलेक्टर ने गठित की जांच कमेटी
साजा विधानसभा के विधायक ईश्वर साहू एक बार फिर चर्चा में हैं. अबकी बार विधायक निधि से स्कूलों के लिए बाजार दर से चार गुणा ज्यादा कीमत पर कंप्यूटर सेट की खरीदी का मामला है. पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा की शिकायत की जांच के लिए प्रशासन ने चार सदस्यीय समिति बना दी है.
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, वर्ष 2024-25 और 2025-26 में साजा विधानसभा के 40 सरकारी स्कूलों में विधायक निधि से कंप्यूटर सप्लाई किए गए. एक सेट में 3 कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड और यूपीएस दिया गया. हर सेट के लिए फर्म को 2.5 लाख रुपए का भुगतान किया गया. बाजार में इसी कम्प्यूटर सेट की कीमत करीब 60-65 हजार रुपए है. इस हिसाब से लगभग 70 लाख रुपए का अंतर है.

हमसे बिना पूछे भेज दिए कंप्यूटर
सबसे हैरानी की बात यह कि ज्यादातर स्कूलों ने कंप्यूटर की मांग ही नहीं की थी. कुछ स्कूलों के प्राचार्यों का कहना है, ‘हमने न विभाग से औैर न ही जनप्रतिनिधि से कम्प्यूटर मांगे थे. हमसे बिना पूछे ही कंप्यूटर भेज दिए गए.’ नवागांवकला, केहका, केसतरा और बीजा समेत एक दर्जन से ज्यादा स्कूलों की यही स्थिति है. दिक्कत ये भी है कि अधिकांश स्कूलों में न कंप्यूटर लैब है, न सुरक्षित कमरा। नतीजा 3-3 कंप्यूटर अलमारी, स्टोर और क्लास के कोने में धूल खा रहे हैं.
विधायक निधि का दुरुपयोग – छाबड़ा
मामले में शिकायतकर्ता पूर्व विधायक और कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा कहा कि यह विधायक निधि का खुला दुरुपयोग है. विधायक निधि का पैसा लोगों की मूलभूत समस्याओं पर खर्च होना चाहिए, न कि महंगे कंप्यूटर खरीदकर उन्हें बंद करके रखने पर.”

डिप्टी कलेक्टर कर रहे टीम की अगुवाई
मामला सामने आने के बाद बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने 4 सदस्यीय जांच टीम गठित की है. डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार साहू की अध्यक्षता में गठित जांच समिति में जिला कोषालय अधिकारी प्रशांत प्रधान, ई डिस्टिक मैनेजर महेंद्र कुमार वर्मा और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रोहित कुमार चंद्रवंशी को सदस्य नियुक्त किया गया है. टीम जल्द ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी।.



