ChhattisgarhHindi news

ट्रेन में ₹1.96 करोड़ के सोने का महा-भंडाफोड़! रायपुर-नागपुर रूट से 2 तस्कर गिरफ्तार, एजेंसियों की बड़ी रेड

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ रुपये का विदेशी सोना बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो संदिग्धों को भी पकड़ा है। जब्त सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है।

जब्त सोने में 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। यह कार्रवाई ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में की गई।

विश्वसनीय सूचना पर शुरू हुई जांच

जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नागपुर और रायपुर आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम को डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ ट्रेन में सघन जांच के निर्देश दिए गए।

इसके बाद संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन की जांच शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान टीम को B-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्ति मिले। दोनों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा गया।

तलाशी में मिले 7 सोने के बिस्किट और एक छड़

संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ। इसमें सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल थी। बरामद सोने की अनुमानित कीमत ₹1,96,34,307 आंकी गई है।

कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को जब्त सोने सहित आगे की कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया।

कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज

डीआरआई नागपुर ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

सोना तस्करी के नेटवर्क की भी जांच

डीआरआई अब इसकी भी जांच कर रही है कि बरामद विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। एजेंसी द्वारा सोने की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम की अहम भूमिका रही। कार्रवाई के जरिए आरपीएफ ने रेलवे में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सतर्कता का परिचय दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button