भूपेश बघेल के तंज पर भड़के डिप्टी CM अरुण साव! बोले- लोकतंत्र में ऐसी भाषा अक्षम्य, मर्यादा न भूलें पूर्व सीएम

हरेली तिहार के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासत गरमा गई है। मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भूपेश बघेल पर तीखा निशाना साधते हुए उनके बयान को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल का दोहरा चरित्र भी सामने आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, जहां छात्रों के साथ बर्बरता हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मुद्दे पर कांग्रेस और भूपेश बघेल क्यों नहीं बोलते।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिन छात्रों की राह में फूल बिछाए जाने चाहिए, वहां कांटे बिछाए जा रहे हैं। कांग्रेस को इस मामले पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में भ्रम और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि बीते दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बंगले पर भी हरेली तिहार का आयोजन किया गया। इस दौरान बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे ‘56 इंच का छोटा बंदर, बाल नरेंद्र’ वाले पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि जो काम वे लोग नहीं कर पाए, वह बच्चों ने कर दिया। भूपेश बघेल ने कहा कि बड़ी मुश्किल से 56 इंच का सीना होने की छवि बनाई गई थी, लेकिन बच्चों ने एक मिनट में उस छवि को धो दिया। उनके इस बयान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई।
ED कार्रवाई पर भी कांग्रेस को घेरा
ED की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस के विरोध पर अरुण साव ने कहा कि ED की जांच में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का भ्रष्टाचार सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिस मजबूती के साथ इस मामले में विरोध कर रही है, उससे साफ है कि पार्टी घोटाले के आरोपी के साथ खड़ी है।
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस की ओर से जिस तरह की धमकियां दी जा रही हैं, वह उसकी मानसिक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों, देशद्रोहियों और अपराधियों के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।
स्काईवॉक को लेकर कांग्रेस पर निशाना
रायपुर के अधूरे स्काईवॉक के काम को एक्सटेंड करने की तैयारी को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्काईवॉक की दुर्दशा के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। कांग्रेस ने पांच साल तक इस काम को अटकाकर रखा।
साव ने कहा कि जिस काम में सरकार के खजाने की बड़ी राशि लगी है, उसे कांग्रेस ने नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यह पुराना और बंद पड़ा काम है, इसलिए इसे पूरा करने में समय लग रहा है। सरकार इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
निर्दोष आदिवासियों की रिहाई के मामलों की समीक्षा
नक्सलवाद के खात्मे के बाद कांग्रेस की ओर से निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की मांग पर अरुण साव ने कहा कि सरकार मामलों की समीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया है, उसे पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित मामलों की जांच की जा रही है और जल्द ही सरकार इस पर संज्ञान लेगी।
सड़क और भवन निर्माण कार्यों पर भी बोले साव
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क और भवन निर्माण को लेकर सख्ती के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समय पर और गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कराना है।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। बारिश खत्म होते ही सड़क निर्माण, मरम्मत और भवन निर्माण के कार्य शुरू किए जाएंगे।
अरुण साव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पूरी क्षमता और ताकत के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने सड़कों के विकास के लिए लगातार काम किया है और आने वाले समय में निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों को और गति दी जाएगी।


