विमल इलायची एड विवाद में फंसे बॉलीवुड स्टार्स! शाहरुख, अजय और टाइगर को FDA का कारण बताओ नोटिस; कानूनी शिकंजा कसा

FDA Notices To Shah Rukh Khan-Ajay Devgan And Tiger Shroff: बॉलीवुड एक्टर्स शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। शाहरुख खान-अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेश यानी एफडीए (FDA) ने तीनों बॉलीवुड एक्टर्स को विमल इलायची विज्ञापन (Vimal Elaichi Advertisement) के लिए नोटिस भेजा है। FDA ने विमल इलायची के विज्ञापन को पान मसाला (Pan Masala) का प्रचार माना है।
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेश (FDA) का मानना है कि यह विज्ञापन, राज्य में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ का ही सरोगेट प्रमोशन है। एफएसएस एक्ट (FSS Act) की धाराओं के तहत अब इन स्टार्स पर 10 लाख रुपये तक की पेनल्टी की तलवार लटक रही है।
दरअसल महाराष्ट्र एफडीए (FDA) राज्य में तंबाकू और पान मसाले की बिक्री के खिलाफ एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में अब शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ भी एफडीए की जांच के दायरे में आ गए हैं। FDA का कहना है कि विज्ञापन में ‘विमल’ नाम, प्रोडक्ट और डायलॉग इस तरह इस्तेमाल किए गए हैं कि इससे ‘विमल’ ब्रांड का प्रचार होता दिखता है। चूंकि ‘विमल’ ब्रांड पान मसाला से भी जुड़ा है, इसलिए FDA को शक है कि विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाले का इनडायरेक्ट प्रचार किया जा रहा है।

15 दिन के अंदर तीनों को जवाब देना होगा
FDA ने 11 अगस्त को तीनों को नोटिस भेजकर विज्ञापन में उनकी भूमिका पर 15 दिन में जवाब और स्पष्टीकरण मांगा है। शाहरुख खान को बांद्रा स्थित उनके घर ‘मन्नत’, अजय देवगन को जुहू स्थित आवास और टाइगर श्रॉफ को उनकी प्रोडक्शन कंपनी ‘टाइगर श्रॉफ प्रोडक्शंस एलएलपी’ के पते पर नोटिस भेजा गया है।
महाराष्ट्र में पान मसाला के निर्माण, स्टोरेज, सप्लाई और बिक्री पर बैन
एफडीए के नोटिस के मुताबिक, विज्ञापन की शुरुआती जांच से साफ होता है कि यह ‘विमल’ ब्रांड को प्रमोट करता है, जो मुख्य तौर पर पान मसाला से जुड़ा हुआ है। बता दें कि महाराष्ट्र खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने 13 जुलाई 2026 के अपने आदेश के जरिए FSS एक्ट 2006 की धारा 30(2)(a) के तहत राज्य में पान मसाला के निर्माण, स्टोरेज, सप्लाई और बिक्री पर एक साल के लिए बैन लगा रखा है।



