छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने की तारीख को लेकर फैली अफवाह, शिक्षा विभाग ने किया खंडन

रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने की तारीख को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक जानकारी पर स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने साफ किया है कि प्रदेश में स्कूलों के संचालन की निर्धारित तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है और सभी शासकीय तथा निजी विद्यालय 16 जून 2026 से ही संचालित होंगे।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक कथित सरकारी आदेश तेजी से साझा किया जा रहा है, जिसमें स्कूलों के खुलने की तारीख 1 जुलाई बताए जाने का दावा किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस दस्तावेज को पूरी तरह फर्जी बताते हुए लोगों से ऐसी भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूलों के खुलने को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर में नया शैक्षणिक सत्र पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून से ही शुरू होगा।
मंत्री ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने बताया कि फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



