छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़की कांग्रेस! सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, फूंका पीएम का पुतला; केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने अंबेडकर चौक में प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम युवा भी शामिल हुए।
बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे भीगते हुए प्रदर्शन में डटे रहे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों पर हुई कार्रवाई की कड़ी निंदा की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा देने की मांग
युवाओं ने छात्रों के समर्थन में एकजुटता दिखाते हुए केंद्र सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई। अंबेडकर चौक पर हुए इस प्रदर्शन में भारी बारिश के बीच भी युवा हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध जताते रहे। प्रदर्शन में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय युवा बड़ी संख्या में शामिल रहे।



