ChhattisgarhHindi news
Trending

दिल्ली के जंतर-मंतर पर बवाल! CJP समर्थकों पर पुलिस का कड़ा एक्शन; खदेड़ने पर छिड़ा संग्राम, 50 लोगों के सिर फटने के दावे से हड़कंप

जंतर-मंतर पर सोमवार सुबह कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव बढ़ गया, जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर संसद की ओर बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल खाली कराते हुए मंच और टेंट हटवा दिए तथा भीड़ को तितर-बितर कर दिया।

सुबह करीब 8 बजे शुरू हुए प्रदर्शन ने लगभग 10 बजे उग्र रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने निर्धारित क्षेत्र से आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया गया। हालात बिगड़ने पर आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इस दौरान संसद परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और मुख्य प्रवेश द्वार अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।

सौरव दास ने कहा- 50 लोगों के सिर फोड़ दिए

कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया कि उसके नेता अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे से इनकार किया है। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई में एक 12 वर्षीय लड़की पर हमला हुआ और 40 से 50 प्रदर्शनकारियों के सिर फूट गए। उन्होंने दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए। जवाब में दिल्ली पुलिस ने इन सभी आरोपों को गलत और भ्रामक बताया।

जेपी नड्डा से मुलाकात

घटनाक्रम के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि उन्होंने भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। पार्टी के अनुसार, नड्डा ने उन्हें आश्वासन दिया कि जंतर-मंतर और उसके आसपास फिलहाल कोई आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

स्थिति सामान्य, पुलिस की निगरानी जारी

पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी मौके से हट गए और जंतर-मंतर क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई। संसद सत्र के चलते सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। वहीं, प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर पुलिस और कॉकरोच जनता पार्टी के दावों में स्पष्ट विरोधाभास बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button