ChhattisgarhHindi news

नक्सल मोर्चे के ‘नायक’ की देश के सबसे बड़े एंटी-टेरर विंग में एंट्री! IPS पी. सुंदरराज ने NIA में संभाला IG का पदभार; भावुक होकर कही बड़ी बात

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज ने आज राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) का पदभार संभाला। नई जिम्मेदारी ग्रहण करने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए देश सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अपने संदेश में उन्होंने लिखा – “राह नई है, लेकिन सेवा का संकल्प वही है। आप सभी का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।”

उन्होंने लिखा है कि आज से वे एनआईए में इंस्पेक्टर जनरल के रूप में नई यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने अपने अब तक के सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग, शुभकामनाओं, मार्गदर्शन, मित्रता और अनुभवों को याद करते हुए कहा कि ये सभी उनके नए दायित्व में भी प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत बने रहेंगे।

आईपीएस पी. सुंदरराज ने सभी शुभचिंतकों, सहयोगियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, विश्वास और प्रोत्साहन हमेशा उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। उन्होंने नई जिम्मेदारी को विनम्रता, कृतज्ञता और राष्ट्र सेवा के प्रति नए संकल्प के साथ निभाने की बात कही।

बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान का प्रमुख चेहरा रहे सुंदरराज पी

बता दें कि वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी लंबे समय तक बस्तर रेंज के आईजी रहे हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के सबसे प्रभावशाली अधिकारियों में गिना जाता है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने बस्तर के दुर्गम और नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चलाए, जिससे माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा।

सुंदरराज पी की रणनीति केवल सशस्त्र कार्रवाई तक सीमित नहीं रही। उन्होंने खुफिया तंत्र को मजबूत करने, स्थानीय युवाओं को सुरक्षा अभियानों से जोड़ने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने और सड़क व विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। अबूझमाड़ जैसे इलाकों में सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कार्यकाल में बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button