ChhattisgarhHindi news
Trending

देश में नए जानलेवा वायरस की दस्तक! गुजरात में ‘चांदीपुरा वायरस’ ने ली 12 मासूमों की जान; कई जिलों में हाई अलर्ट, खौफ में परिजन

गुजरात में चांदीपुरा वायरस (Chandipura Virus) को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। पिछले एक महीने में संक्रमण की आशंका के बीच 12 बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें से 3 बच्चों में चांदीपुरा वायरस संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि 9 अन्य बच्चों की मौत का कारण भी इसी वायरस को माना जा रहा है। हालांकि, इसकी अंतिम पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। संक्रमण के संदिग्ध मामले गांधीनगर, साबरकांठा, खेड़ा, अरावली और पंचमहल समेत कई जिलों में सामने आए हैं।

सरकार ने 3 मौतों की पुष्टि की

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया ने बताया कि अब तक चांदीपुरा वायरस से 3 बच्चों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें गोधरा के दो और राजस्थान के एक बच्चे की मौत हिम्मतनगर में हुई। प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग ने सर्विलांस बढ़ाने के साथ रोकथाम और उपचार के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

9 अन्य बच्चों की मौत की जांच जारी

हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में चांदीपुरा वायरस जैसे लक्षण वाले 6 बच्चों, जबकि गोधरा सिविल अस्पताल में 3 बच्चों की मौत हुई है। इनमें 11 जुलाई को एक वर्षीय और दो वर्षीय दो बच्चों की भी जान गई। सभी मामलों की जांच जारी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

27 सैंपल भेजे गए, 7 पॉजिटिव मिले

अब तक 27 संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए गांधीनगर भेजे गए हैं। इनमें से 19 रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें 7 बच्चे पॉजिटिव पाए गए। इन सात संक्रमित बच्चों में से 3 की मौत हो चुकी है, जबकि 4 बच्चों का इलाज जारी है। शेष 8 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।

पंचमहल में सबसे ज्यादा संदिग्ध मामले

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पंचमहल जिले में अब तक 13 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। महिसागर का एक बच्चा वेंटिलेटर पर है, जबकि गोधरा सिविल अस्पताल में 5 बच्चों का इलाज चल रहा है। वहीं 3 बच्चों का इलाज वडोदरा एसएसजी अस्पताल में किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। एक बच्चे को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की है। प्रभावित जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से बच्चों में तेज बुखार, दौरे या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button