ChhattisgarhHindi newsPolitics

‘हमारे अंदर गांधी का DNA, हम गोडसे को कॉपी नहीं कर सकते!’ अलका लांबा का बीजेपी पर सीधा प्रहार; कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में दिया बड़ा बयान

दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा रायपुर पहुंचीं। अपने दौरे के दौरान वे महिला कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय बैठक और प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगी, जिसमें महिलाओं की स्थिति, अधिकार, सुरक्षा और न्याय जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। रायपुर पहुंचते ही वे कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचीं, जहां उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान भाजपा द्वारा लगाए गए आरोप कि कांग्रेस उनकी नकल कर रही है, पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जमकर निशाना साधा।

अलका लांबा ने कहा कि हमारे अंदर महात्मा गांधी का डीएनए है, उनका खून है। हम गोडसे को कॉपी नहीं कर सकते। जिनके खून में नफरत, दंगा और हत्या है, वे बापू की विचारधारा को नहीं समझ सकते। बापू की हत्या की गई थी, उनकी विचारधारा को कोई कॉपी नहीं कर सकता। कांग्रेस गांधी के विचारों और संविधान की रक्षा की विचारधारा पर चलती है। संविधान, महिला अधिकार, सुरक्षा और महंगाई के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा बौखलाहट में ऐसा बयान दे रही है। इसके अलावा उन्होंने अन्य मुद्दों पर भी बयान दिया।

NEET और शिक्षा नीति पर केंद्र पर निशाना

अलका लांबा ने NEET परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की मौत बेहद गंभीर और चिंताजनक विषय है। राहुल गांधी लगातार युवाओं की आवाज उठा रहे हैं और कांग्रेस आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।

महिला आरक्षण पर बयान

महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग की जाएगी। “आज करो, अभी करो” के नारे के साथ संसद घेराव की तैयारी है। जुलाई में “चलो संसद, मेरा हक” आंदोलन शुरू करेगी महिला कांग्रेस। महिला विधायकों से चर्चा कर राष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाने की रणनीति बनाई जाएगी। छत्तीसगढ़ विधानसभा से भी महिला आरक्षण के समर्थन में रणनीति बनाने की कोशिश होगी।

NCERT की पुस्तकों में बदलाव पर भाजपा को घेरा

NCERT की पुस्तकों में बदलाव को लेकर अलका लांबा ने कहा कि भाजपा शिक्षा का राजनीतिकरण कर रही है। इतिहास बदलने की कोशिश हो रही है जो देश के भविष्य के लिए नुकसानदायक है। भाजपा को पहले इतिहास पढ़ने की जरूरत है।

सदस्यता अभियान पर बयान

महिला कांग्रेस के सदस्यता अभियान को लेकर अलका लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस का सदस्यता अभियान जारी है। तीन साल की सदस्यता शुल्क 100 रुपये निर्धारित है। इस सदस्यता अभियान से संगठन का विस्तार होगा।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष का फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व पर- लांबा

छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष के स्थायी चयन पर अलका लांबा कहा कि इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। फिलहाल संगीता सिन्हा कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उम्मीद है कि जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष इस पर फैसला लेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button